Bihar Teacher:बिहार में शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बुधवार को विभागीय समीक्षा बैठक के बाद स्पष्ट किया कि राज्य के सभी शिक्षकों के तबादले और पदस्थापन की प्रक्रिया 10 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी। इसके साथ ही BPSC TRE-4 परीक्षा को लेकर भी विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है. शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा हर हाल में अगस्त की शुरुआत से पहले आयोजित करा दी जाए.
बैठक में मिली जानकारी के अनुसार शिक्षक भर्ती के चौथे चरण (TRE-4) में 1.60 लाख से अधिक पद भरे जाने की उम्मीद है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह प्रक्रिया काफी समय से लंबित थी और अब इसमें तेजी लाने का समय आ गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विशेष शिक्षक और योग्यता परीक्षा समेत अन्य सभी लंबित परीक्षाएं तय समय सीमा के भीतर आयोजित की जाएंगी।
मंत्री ने कहा कि अनुकंपा के आधार पर शिक्षकों की नियुक्ति के लिए नियमावली तैयार कर ली गई है। 6,421 रिक्त पदों पर जल्द ही नियुक्ति शुरू की जाएगी। दिव्यांग छात्रों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए BPSE के माध्यम से 7,279 विशेष शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। इसके लिए राज्य भर में जरूरतमंद विद्यालयों की पहचान पूरी कर ली गई है और आयोग को अधियाचना भेज दी गई है।
बैठक में महिला शिक्षकों के मातृत्व अवकाश से जुड़ी विसंगतियों को समाप्त करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, राज्य भर के स्कूलों और कॉलेजों की जमीन का रिकॉर्ड तैयार करने, लैंड बैंक बनाने और स्कूल परिसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए छात्रावासों की चारदीवारी के निर्माण को प्राथमिकता देने का भी निर्णय लिया गया।
शिक्षा मंत्री ने निर्देश दिए कि राज्य के सभी शिक्षकों को वर्ष में दो बार एक सप्ताह का अनिवार्य आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण संबंधित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डाइट) में आयोजित किया जाएगा। साथ ही, विद्यालयों में चल रहे छात्रावासों की स्थिति सुधारने तथा उनकी सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में विधायकों और विधान पार्षदों की अनुशंसा से संबंधित लंबित नियोजन मामलों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि सरकार अब शिक्षकों की बहाली, स्थानांतरण और प्रशिक्षण से जुड़े हर पहलू पर त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई चाहती है।
Get Latest Notification of Colleges, Exams and News.
back