IIT Bombay Diploma Course: IIT Bombay ने इंटीग्रेटेड सर्किट डिजाइन में ई-पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा शुरू किया है। यह सेमीकंडक्टर तकनीक में विशेषज्ञता रखने वाले पेशेवरों और छात्रों के लिए एक ऑनलाइन कोर्स है। यह विशेषज्ञों द्वारा डिजाइन किया गया 18 महीने का डिप्लोमा कोर्स है।
ऐसे प्रोफेशनल्स और छात्र जो सेमीकंडक्टर फील्ड में कुछ बेहतर करने की इच्छा रखते हैं। ऐसे युवाओं को IIT एक बेहतर मौका देने जा रहा है। दरअसल, देश के प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थानों में से एक IIT Bombay ने एक नया ऑनलाइन कोर्स (ई-पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा) शुरू किया है। अच्छी बात यह है कि IIT Bombay के इस कोर्स में दाखिला लेने के लिए आपको जेईई स्कोर की जरूरत नहीं है। आइए जानते हैं इस कोर्स को करने के क्या फायदे हैं।
यह इंजीनियरिंग पेशेवरों और छात्रों के लिए डिज़ाइन किया गया है जो सेमीकंडक्टर क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं। यह एकीकृत सर्किट डिजाइन में एक ई-पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा (ePGD) कोर्स है, जिसे इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के विशेषज्ञ प्रोफेसरों द्वारा डिज़ाइन किया गया है। वे इस पेशेवर पाठ्यक्रम के लिए कक्षाएं भी लेंगे।
यह प्रोफेशनल कोर्स 18 महीने में पूरा होगा और इसमें डिजिटल-एनालॉग सर्किट डिजाइन, मिक्स्ड सिग्नल टेक्नोलॉजी, वायरलेस कम्युनिकेशन और सिस्टम डिजाइन जैसे विषय शामिल होंगे। इस कोर्स को पूरा करने वाले उम्मीदवारों को 36 क्रेडिट अर्जित करने होंगे, जिसके बाद उन्हें संस्थान की ओर से आधिकारिक डिप्लोमा सर्टिफिकेट दिया जाएगा, जिससे उभरते सेमीकंडक्टर क्षेत्र में उनकी साख बढ़ेगी।
इंजीनियरिंग के छात्रों के अलावा तकनीकी क्षेत्र में कार्यरत पेशेवर भी इंटीग्रेटेड सर्किट डिजाइन कोर्स के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अंतिम तिथि 31 जुलाई 2025 तक या उससे पहले आवेदन करना होगा।
इस कोर्स के दौरान अभ्यर्थियों को IIT Bombay कैंपस में जाने का मौका भी मिलेगा। परीक्षा देने के लिए उन्हें कैंपस में आना होगा, जहां उन्हें एक आईडी कार्ड दिया जाएगा। इस पहचान पत्र के साथ ही छात्र परीक्षा अवधि के दौरान लाइब्रेरी की सुविधाओं का उपयोग कर सकेंगे। हालांकि, बाकी समय कैंपस में प्रवेश की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
यह डिप्लोमा (semiconductor Technology Certification) सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में काम करने वाले या इसमें करियर बनाने की सोच रहे लोगों को आधुनिक तकनीकों में महारत हासिल करने में मदद करेगा। साथ ही उन्हें किसी प्रतिष्ठित संस्थान से पढ़ाई करने का मौका भी मिलेगा।
इंटीग्रेटेड सर्किट डिज़ाइन कोर्स पूरा करने के बाद, परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों को IIT Bombay एलुमनी आईडी कार्ड मिलेगा। यह एलुमनी आईडी कार्ड छात्रों को भविष्य में संस्थान की सुविधाओं का लाभ उठाने में मदद करेगा, जैसे कि इसका उपयोग करके वे भविष्य में IIT Bombay परिसर में प्रवेश पा सकेंगे।
Get Latest Notification of Colleges, Exams and News.
back